मंदसौर । सुशासन भवन स्थित सभागृह में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान ऊर्जा विभाग को निर्देशित किया गया कि ग्राम लदुना एवं कनघट्टी को सौर ग्राम के रूप में विकसित करने हेतु आवश्यक सभी कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए। साथ ही “संकल्प से समाधान” अभियान अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित कर अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए गए। लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया गया कि विभिन्न विभागों के निष्क्रिय बैंक खातों को तत्काल सक्रिय कराया जाए। उद्यानिकी विभाग को पीएमएफएमई योजना अंतर्गत बैंकों में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को कामधेनु योजना के अंतर्गत अधिक प्रकरण तैयार करने तथा बीएलसीसी बैठक में विभाग प्रमुखों को बैंकों के माध्यम से अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मछली पालन विभाग को किसान क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ अधिक से अधिक कृषकों तक पहुंचाने के लिए कहा गया। कृषि विभाग एवं लीड बैंक मैनेजर को फसल बीमा संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए। जल अर्पण उत्सव के अंतर्गत पीएचई विभाग को पूर्ण कार्यों का हैंडओवर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र समाधान करने पर जोर दिया गया। गेहूं उपार्जन पंजीयन कार्य 7 मार्च तक संचालित रहेगा तथा 10 फरवरी से सत्यापन कार्य प्रारंभ होगा। नापतोल विभाग को सभी तोलकांटों का सत्यापन करने एवं संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।