नीमच। नीमच जिले में नल कनेक्शन से शेष रहे सभी 410 आंगनवाड़ी परिसरों और सभी शाला परिसरों में गांधी सागर समूह जल प्रदाय योजना की नल पाईप लाईन से नल कनेक्शन उपलब्ध करवाकर जलापूर्ति सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिला स्तरीय जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में जल प्रदाय कार्यो की प्रगति की समीक्षा करते हुए जल निगम के महाप्रबंधक को दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, जल निगम महाप्रबंधक श्री जितेन्द्र बिजोरिया, कार्यपालन यंत्री लोक स्वा.यांत्रिकी विभाग श्री दीपेश वास्पत सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में लोक निर्माण कार्यपालन यंत्री श्री अमित नार्गेश ने अवगत कराया, कि जिले में रतनगढ, जाट, ग्वालियरकला राजस्थान सीमा तक 41 कि.मी., जावद से मोरवन 16.5 कि.मी., नीमच चीताखेड़ा, जीरन से मल्हारगढ़ तक 36.6 कि.मी., एवं 31.4 कि.मी.आंत्री माताजी से भादवामाता सड़क का निर्माण कार्य इसी माह अंत तक अनुबंध किया जाकर प्रारंभ किया जा रहा है।
इन सड़कों के निर्माण कार्य प्रारंभ होने के पूर्व यदि जल निगम द्वारा प्रस्तावित सड़कों के शोल्डर्स पर पाईप लाईन बिछाई है, तो उन्हें शिफ्ट करवाए, जिससे, कि वे सड़क निर्माण कार्य दौरान क्षतिग्रस्त ना हो। इस पर कलेक्टर श्री चंद्रा ने जल निगम के महाप्रबंधक को निर्देशदिए, कि वे नवीन प्रस्तावित सड़कों के नीचे पूर्व में बिछाई गई पाईप लाईन को अन्यत्र शिफ्ट करवाए, जिससे, कि सड़क निर्माण कार्य प्रभावित ना हो और पेयजल पाईप लाईन को भी कोई नुकसान ना हो। कलेक्टर ने जल निगम को रोड़ रेस्ट्रोरेशन का कार्य गुणवत्तापूर्ण करवाने और तेजी से पूरा करवाने के निर्देश दिए। उन्होने जल निगम को सभी घरों के बाहर दिए गये नीले पाईप के माध्यम से नल कनेक्शनों को ठीक करवाकर घरों पर पाईंट एवं टोटी स्थापित कर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा, कि घरो के बाहर खुले में नीले पाईप नहीं दिखना चाहिए। जल निगम महाप्रबंधक ने अवगत कराया, कि गांधी सागर समूह जल प्रदाय योजना का 93 प्रतिशत कार्य भौतिक रूप से पूर्ण हो गया है। इस योजना से न.प.जीरन, रतनगढ, अठाना, सरवानिया महाराज, सिंगोली एवं कुकडेश्वर को जल निगम द्वारा बल्क में शुद्ध जल उपलब्ध कराया जावेगा। कलेक्टर ने अन्य नगर परिषदों से भी मांग पत्र लेकर उन्हें भी आवश्यकतानुसार बल्क में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में लो.स्वा.या.विभाग द्वारा जिले में संचालित 127 गांवों की एकल जल प्रदाय योजनाओं से जल प्रदाय की भी समीक्षा की गई और विभिन्न कारणों से बंद आठ एक नल जल योजनाओं को दुरस्त करवाकर शीघ्र जल प्रदाय प्रारंभ करवाने के निर्देश भी मेकेनिकल उपखण्ड लो.स्वा.या.वि.एवं जल निगम के अधिकारियों को दिए गए।