Latest News

गेहूं उपार्जन हेतु किसानों का पंजीयन 7 फरवरी से 7 मार्च तक

Neemuch headlines February 7, 2026, 7:27 pm Technology

मंदसौर । रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन 7 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 77 प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं। कृषकों से आग्रह है कि निर्धारित समयावधि में अपने नजदीकी प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था में संचालित पंजीयन केंद्र पर जाकर निःशुल्क पंजीयन कराएं। इसके अतिरिक्त कृषकों की सुविधा हेतु अधिकृत एमपी ऑनलाइन कियोस्क (कॉमन सर्विस सेंटर) एवं लोकसेवा केंद्रों के माध्यम से भी पंजीयन की व्यवस्था की गई है,

जहां 50 रुपये प्रति पंजीयन निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। पंजीयन के समय कृषक भूमि संबंधी दस्तावेज (पावती), आधार कार्ड, समग्र आईडी, आधार से लिंक बैंक खाते की पासबुक तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं, ताकि पंजीयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला प्रशासन ने सभी कृषक बंधुओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए समय रहते अपना पंजीयन सुनिश्चित कराएं, जिससे समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।

Related Post