5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी की सीनियर कैडेट सुश्री पूजा प्रजापत ने रचा इतिहास

Neemuch headlines February 2, 2026, 7:02 pm Technology

मंदसौर। कर्नल ज्योति प्रकाश द्वारा बताया गया कि द्वारा बताया गया कि 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी की कैडेट सुश्री पूजा प्रजापत ने गणतंत्र दिवस परेड 2026, नई दिल्ली में ऑल इंडिया गार्ड ऑफ ऑनर में चयनित होकर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि न केवल 5 एमपी बटालियन एनसीसी, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टरेट के लिए गर्व का विषय है। पी जी कॉलेज नीमच की छात्रा पूजा प्रजापत का यह चयन किसी संयोग का परिणाम नहीं, बल्कि लगभग चार माह की कठोर मेहनत, अनुशासनबद्ध दिनचर्या और निरंतर अभ्यास का प्रतिफल है। उन्होंने कई चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरते हुए देशभर से आए हजारों श्रेष्ठ एनसीसी कैडेट्स के बीच अपनी उत्कृष्ट ड्रिल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर ऑल इंडिया गार्ड ऑफ ऑनर टीम में स्थान सुनिश्चित किया।

दिल्ली में आयोजित रिपब्लिक डे कैम्प के दौरान पूजा प्रजापत को देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष गार्ड ऑफ ऑनर में सहभागिता का गौरव प्राप्त हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर महामहिम उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी एवं डीजी एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल श्री विरेंद्र वत्स की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “सीनियर अंडर अफसर पूजा प्रजापत की यह सफलता केवल एक कैडेट की उपलब्धि नहीं, बल्कि यह मंदसौर-नीमच अंचल और प्रदेश की बेटियों की सामर्थ्य का प्रतीक है। पूजा ने अनुशासन, नेतृत्व और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।” पूजा प्रजापत की इस ऐतिहासिक सफलता पर एनसीसी अधिकारियों, एएनओ, प्रशिक्षण स्टाफ, पी जी कॉलेज नीमच के प्राचार्य, शिक्षकों एवं परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

गाँव की बेटी की यह उपलब्धि आज हजारों युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है और यह संदेश देती है कि सच्ची मेहनत और दृढ़ संकल्प से छोटे गाँव से भी राष्ट्रीय पहचान बनाई जा सकती है।

Related Post