Latest News

नीमच की बेटी पूजा प्रजापत ने रिपब्लिक डे कैम्प में रचा इतिहास

Neemuch headlines February 2, 2026, 6:49 pm Technology

नीमच । नीमच जिले के ग्राम चंगेरा की होनहार बेटी पूजा प्रजापत ने राष्ट्रीय कैडेट कोर के रिपब्लिक डे कैम्प में भाग लेकर न केवल नीमच जिले बल्कि पूरे मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है। पूजा प्रजापत का चयन इस शिविर के लिए असाधारण उपलब्धि रही है। उन्होंने लगभग चार माह तक कठोर अनुशासन, अथक परिश्रम और निरंतर अभ्यास के साथ स्वयं को तैयार किया। इसके पश्चात वे कई चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया से सफलतापूर्वक गुजरते हुए मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टरेट की गार्ड ऑफ ऑनर का हिस्सा बनीं। दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देशभर से आए हजारों कैडेट्स के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई, जिसमें पूजा प्रजापत ने अपनी उत्कृष्ट ड्रिल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर ऑल इंडिया गार्ड ऑफ ऑनर टीम में अपना स्थान पाया। यह उपलब्धि किसी भी कैडेट के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। रिपब्लिक डे कैम्प के दौरान पूजा को देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष गार्ड ऑफ ऑनर में सहभागिता का अवसर मिला। इस अवसर परमहामहिम उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, एवं डीजी एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल विरेंद्र वत्स की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस उपलब्धि पर 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि,“पूजा प्रजापत की यह उपलब्धि केवल एक कैडेट की सफलता नहीं, बल्कि यह पूरे मंदसौर-नीमच अंचल और प्रदेश की बेटियों की सामर्थ्य का प्रतीक है।

पूजा ने यह साबित कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों तो गाँव की मिट्टी से भी देशभक्ति की खुशबू दिल्ली तक पहुँच सकती है।” पूजा प्रजापत की यह उपलब्धि आज हजारों युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी सफलता यह संदेश देती है, कि सपने चाहे छोटे गाँव में देखे जाएँ, लेकिन मेहनत हो सच्ची तो पहचान पूरे देश में बनती है।

Related Post