मंदसौर। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए। यह कार्यक्रम मजदूर कल्याण समिति के माध्यम से आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत जिले में टीबी मरीजों को 1000 फूड बास्केट वितरित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत सांकेतिक रूप से कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा टीबी मरीज को फूड बास्केट प्रदान किया गया। इस अवसर पर मजदूर कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री करण सिंह परिहार एवं समिति के सदस्यों द्वारा जिले में संचालित पोषण आहार योजना के तहत टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरण की जानकारी दी गई। कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों को इस सराहनीय पहल के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कलेक्टर ने बताया कि निक्षय मित्र कोई भी व्यक्ति या जनसमुदाय का सदस्य बन सकता है। इसके अंतर्गत टीबी मरीजों को गुड़, चना, मूंगफली दाना, दाल, सोयाबड़ी आदि पोषक सामग्री प्रदान की जाती है।
टीबी जैसी बीमारी के दौरान मरीज को पर्याप्त प्रोटीन की आवश्यकता होती है, जो इन खाद्य पदार्थों के माध्यम से उपलब्ध होकर मरीज को बीमारी से लड़ने की शक्ति प्रदान करती है। जानकारी दी गई कि जिले के सभी उपखंड स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित कर टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए जाएंगे। मजदूर कल्याण समिति के तत्वावधान में टीबी रोग के प्रति जनजागरूकता, जनसंदेश एवं प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में व्यापक जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही है। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मंदसौर अनुकूल जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद चौहान, जिला क्षय अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।