भोपाल। मध्य प्रदेश में दो-तीन दिन सुबह-शाम कोहरा छाया रहेगा। कुछ इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है। दिन के तापमान में हल्की वृद्धि होगी लेकिन रात में ठंड का असर बरकरार रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि होने लगी है, जिससे ठंड का असर थोड़ा कम हुआ है। हालांकि रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। बुधवार (7 जनवरी 2026) को सबसे कम न्यूनतम तापमान शहडोल जिले के कल्याणपुर में 2.7 डिग्री दर्ज किया गया।
सर्वाधिक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस छिंदवाड़ा में दर्ज हुआ। ग्वालियर-चंबल अंचल व विंध्य क्षेत्र में कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल (IMD) के मुताबिक, उमरिया व कल्याणपुर (शहडोल) जिलों में कोल्ड वेव चली। नरसिंहपुर जिले में कोल्ड डे रहा। सतना, खजुराहो (छतरपुर) जिलों में घना कोहरा और ग्वालियर, गुना, रीवा, दतिया, राजगढ़, सीधी, नौगांव जिलों में मध्यम कोहरा छाया रहा। उमरिया में 3.9 डिग्री, राजगढ़/खजुराहो (छतरपुर) में 4.5 डिग्री, शिवपुरी में 5.0 डिग्री और रीवा में 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल (IMD) की ताजा दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, भोपाल में गुरुवार (8 जनवरी 2026) को हवा की रफ्तार 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी ,मैहर, राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है।
शहडोल और उमरिया जिलों में कोल्ड वेव की स्थिति बन सकती है। पढ़िए मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, जम्मू एवं निकटवर्ती क्षेत्रों पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी से 5.8 किमी की ऊंचाई के मध्य अवस्थित है। उत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर, लगभग 240 किमी प्रति घंटा की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है। फिलहाल एक-दो दिनों तक मौसम के मिजाज में कोई परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट होने और ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है। एमपी के इन स्कूलों में अवकाश घोषित शिवपुरी में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों में 8 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार ने जिले में संचालित सभी स्कूलों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5वीं तक के छात्रों के लिए 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
यह अवकाश समस्त शासकीय, अशासकीय, केन्द्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, आईसीएसई, सीबीएसई एवं अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू रहेगा। झाबुआ में कक्षा 3 तक के स्कूलों में 10 जनवरी तक छुट्टी घोषित की गई है। रीवा में सरकारी व निजी स्कूलों में कक्षा 8वीं के स्कूल 10 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं।