मंदसौर । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि पुरुष नसबंदी पखवाड़ा 4 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत पुरुषों की परिवार नियोजन में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय मंदसौर से एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को हरी झंडी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान द्वारा दिखाई गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी। गांधी चौराहे पर एक मानव श्रृंखला बनाई गई। रैली का समापन जिला प्रशिक्षण केंद्र मंदसौर में किया गया। डॉ. चौहान ने बताया कि "बिना चीरा, बिना टांका, बिना दर्द" के पुरुष नसबंदी (एनएसवी) की सुविधा जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी। पुरुष नसबंदी करवाने वाले व्यक्ति को 3 हजार रूपये प्रोत्साहन राशि और प्रेरक (मोटीवेटर) को 4 सो रूपये प्रेरक राशि का भुगतान किया जाएगा। "आज ही शुरुआत करें, पति-पत्नी मिलकर परिवार नियोजन की बात करें।"