नीमच । उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों व बी.एल.ओ. को पुरस्कृत किया जाएगा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य तेज गति से प्रगति पर है। यह प्रक्रिया 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक संचालित की जा रही है।
इस अवधि में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं, जिन्हें अब एकत्र कर डिजिटाइज्ड रूप में भरने का कार्य जारी है। जिले में 6 लाख 19 हजार से अधिक मतदाता हैं और निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्यवाही पूर्ण करना बड़ी चुनौती है, लेकिन कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले की पूरी टीम एक साथ खड़ी है और तेजी से काम कर रही है। पहली बार बी.एल.ओ.का दायित्व निभा रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं भी उत्साह के साथ काम कर रही हैं। अपर कलेक्टर बी.एस.कलेश ने सभी बी.एल.ओ. से धैर्य व संयम के साथ तेजी से कार्य करने का आग्रह करते हुए कहा , कि डिजिटाइजेशन कार्य में सहयोग के लिए बीएलओ सहायकों एवं अन्य कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।
कई बी.एल.ओ. प्रतिदिन 400 तक फॉर्म डिजिटाइज कर सराहनीय कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम पूर्ण होने पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और बी.एल.ओ. को पुरस्कृत भी किया जाएगा। प्रत्येक बी.एल.ओ. को औसतन 150–200 फॉर्म प्रतिदिन अपलोड करने का लक्ष्य निर्धारित है। यह कार्य जिले की परफॉर्मेंस और देश की प्रतिष्ठा से जुड़ा है। बी.एल.ओ. की कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम और समर्पण से यह महत्त्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा होगा और जिला एक टीम स्परिट के साथ पूरे प्रदेश एवं देश में अपनी पहचान स्थापित करेगा।