नीमच । कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एल.ए.डी.एफ.) के तहत जनपद क्षेत्र जावद की ग्राम पंचायत बड़ी में विभिन्न6 विकास एवं निर्माण कार्यो के लिए 49 लाख 72 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव द्वारा 3 नवम्बर 2025 को जारी आदेशानुसार ग्राम बड़ी में माध्यमिक विद्यालय की बाउण्ड्रीवाल निर्माण के लिए 5 लाख 77 हजार, कवई में आंगनवाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए 11.22 लाख रूपये, बड़ी के बैतरो झोपड़ा रोड़ पर पुलिया निर्माण के लिए 8 लाख 64 हजार रूपये, सुतारों की बडी में पुलिया निर्माण के लिए 8 लाख 64 हजार एवं नवीन पंचायत भवन सीसी रोड निर्माण के लिए 6 लाख 12 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। क्रियान्वयन ऐजेंसी ग्राम पंचायत बड़ी को उक्त निर्माण कार्यो के लिए प्रथम किश्त के रूप में 19 लाख 88 हजार 800 रूपये की राशि जारी करने की स्वीकृति भी प्रदान की गई है। उल्लैखनीय है, कि कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के पिछले दिनों बड़ी ग्राम भ्रमण के दौरान ग्रामीणों द्वारा उक्त निर्माण कार्यो की मांग की गई थी। ज्ञातव्य हो, कि रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड द्वारा स्थानीय विकास क्षेत्र निधि(एलएडीएफ) के रूप में 2.50 करोड़ की राशि बड़ी कवई क्षेत्र के विकास के लिए उपलब्ध कराई गई है।