जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर, एडीएम, सीईओ ने सुनी गई 50 आवेदकों की समस्याएं

Neemuch headlines November 4, 2025, 5:58 pm Technology

मंदसौर । जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा आज सुशासन भवन सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनुकूल जैन द्वारा कुल 50 आवेदकों की समस्याएँ सुनी। कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का शीघ्र और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके। जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। अरनिया जटिया निवासी अवन्‍तीबाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर सीईओ जनपद पंचायत मल्‍हारगढ़ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार झावल निवासी कंवरलाल ने कृषि भूमि से अवैद्य कब्‍जा हटवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार मंदसौर को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। हासली निवासी भरत ने फसल मुआवजा राशि दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर तहसीलदार मंदसौर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में पीएम सम्‍मान निधि आई डी एक्टिव करने, नक्‍शे की त्रुटी को दुरूस्‍त करने, जमीन की नकल दिलवाने व अवैद्य कब्‍जा हटवाने, मकान के उपर से हाई टेंशन लाईन हटवाने, कृषि खाता बंधक हटवाने एवं सिमांकन करवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।

Related Post