भोपाल। मध्य प्रदेश के मिनी मुंबई कहे जाने वाले इंदौर के राजवाड़ा में 20 मई को मोहन कैबिनेट बैठक होने जा रही है।यह कैबिनेट बैठक देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित की जा रही है। यह पहली बार होगा, जब मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक राजवाड़ा जैसे ऐतिहासिक स्थल पर होगी,चुंकी आमतौर पर राजधानी भोपाल में बैठक होती है।
राजवाड़ा में होने वाली मंत्रि-परिषद की बैठक में राज्य की जनता के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।इस दौरान मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों को मालवी भोजन (दाल, बाटी, चूरमा, छाछ) सहित अन्य व्यंजन परोसे जाएंगे। बैठक के मद्देनजर 20 मई को सुबह 7 बजे से राजवाड़ा क्षेत्र में ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। 20 मई को राजवाड़ा में मोहन कैबिनेट बैठक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार पुण्य श्लोका लोकमाता देवी अहिल्या बाई माता होल्कर का 300वां जयंती वर्ष पूरे हर्षोल्लास से मना रही है। सुशासन, स्वावलंबन, आत्म-निर्भरता और महिला कल्याण की मिसाल अहिल्या बाई होल्कर के पुण्य सम्मान में सरकार की मंत्रि-परिषद की बैठक 20 मई को इंदौर के राजवाड़ा में होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजवाड़ा भवन का निर्माण कार्य श्रीमंत मल्हार राव जी होलकर महाराज द्वारा प्रारंभ किया गया था, जिसे लोकमाता अहिल्या बाई माता ने पूर्ण कराया था, उसी स्थल पर अब मंत्रि-परिषद की बैठक आयोजित कर उन्हें नमन किया जाएगा।लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर का जयंती वर्ष, विवाह वर्षगांठ और महाराजा श्रीमंत मल्हार राव जी होल्कर की पुण्य-तिथि, ये तीनों सुयोग एक ही समय पर आ रहे हैं, जो इस आयोजन को और भी अधिक विशेष बनाते हैं। 20 से 31 मई तक होंगे विविध आयोजन 20 मई से 31 मई तक पूरे राज्य में अलग-अलग सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 19 मई को इंदौर में एक मंचीय कार्यक्रम होगा, जिसमें लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर के जीवन के विविध पहलुओं को एक लघु नाटिका के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यह अद्भुत प्रस्तुति नागपुर, महाराष्ट्र से आये सुघड़ कलाकारों द्वारा की जाएगी। लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की जन्म जयंती को और अधिक स्मरणीय बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा 31 मई को भोपाल में भी एक बड़ा आयोजन किया जाएगा।