भोपाल। मध्य प्रदेश का इंदौर हमेशा से ही मीडिया में चर्चा का विषय बना रहता है। कभी यहां चोरी डकैती के मामले सामने आते हैं, तो कभी दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता है। लोग चंद घंटे के लिए भी अपने घर पर ताला लगा कर बाहर जाना सेफ नहीं समझते, जो कि पुलिस के लिए कड़ी चुनौती बनती जा रही है। जिस पर अंकुश लगाने के लिए लगातार धड़-पकड़ अभियानें भी चलाई जाती है। इसके बावजूद, बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। इसी बीच जिले में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार गश्त और जांच अभियान चला रही है। जिसके तहत 1214 बदमाशों को चेक किया गया और 628 पर वैधानिक कार्रवाई की गई। दी गई चेतावनी बता दें कि लगातार बढ़ रहे अपराध को देखते हुए कमिशनररेट पुलिस ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई की। इस दौरान शहरभर में जगह-जगह बदल-बदल कर कांबिंग गश्त की गई। सभी थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर सख्त नजर रखने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इसके तहत 287 से अधिक वारंटों को तामिल कराया गया। 190 वाहन चालकों को पकड़ा गया, जिन पर 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही सभी को चेतावनी भी दी गई है। क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत बड़ी संख्या में अपराधियों को पकड़ा गया। साथ ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।