नीमच। मंशापूर्ण महादेव रणजीत हनुमान मंदिर में रामलाल प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष मनीष चौधरी ने बताया कि रामलाल प्राण प्रतिष्ठा के बाद से लगातार सर्दी हो या बारिश इंदिरा नगर के कट्टर सनातनियों द्वारा 01 वर्ष से अखंड प्रभात फेरी का आयोजन किया जा रहा है।
और प्रत्येक कार्यक्रम को प्रभात फेरी के माध्यम से मनाया जाता है ।ओर आज इस विशाल प्रभात फेरी के आयोजन में सैकड़ों राम भक्तों ने भाग लिया। विशाल प्रभात फेरी का शुभारंभ प्रातः 8 बजे मंशापूर्ण महादेव रणजीत हनुमान मंदिर से हुआ। राम भक्तों ने सनातन की ध्वजा उठाते हुए, सामाजिक सद्भाव और समरसता का संदेश दिया। प्रभात फेरी मंडलियों में श्री राम प्रभात फेरी संकीर्तन मंडली नीमच सिटी सहित इंदिरा नगर की महिलाएं, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग, युवा सहित सैकड़ों भक्त शामिल थे। राम धुन, शंखनाद और ढोल-ताशों की गूंज के बीच भक्तगण भजन गाते और नाचते हुए इंदिरा नगर, विस्तार, न्यू इंदिरा नगर, क्लासिक क्राउन और भगवानपुर चौराहा जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरे।
धार्मिक उत्साह और स्वागत की झलकियां :-
प्रभात फेरी के मार्ग में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपने घरों के सामने रंगोलियां सजाईं और फूलों की पुष्पवर्षा कर भक्तों का स्वागत किया। जगह-जगह आतिशबाजी की गई और पूरा इंदिरा नगर "श्री राम जय राम", "हरे रामा हरे कृष्णा" और "मेरी झोपड़ी के भाग खुल जाएंगे" जैसे भजनों से गूंज उठा।
मंदिर पर आरती और प्रसाद वितरण :-
प्रभात फेरी लगभग 2 घंटे तक इंदिरा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर 10 बजे मंदिर वापस पहुंची। यहां राम जी और हनुमान जी की महाआरती की गई। इसके बाद सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर मंदिर समिति की ओर से अल्पाहार हुआ।
समिति का आभार प्रदर्शन :-
इस दौरान कार्यक्रम संयोजक गुणवंत जैन ने सभी भक्तों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "राम जी की स्थापना के बाद से यह प्रभात फेरी हमारी धार्मिक परंपरा का हिस्सा बन गई है। सभी भक्तों की उपस्थिति और सहयोग के लिए हम कृतज्ञ हैं।"