झांतला में ब्लाक कांग्रेस व नगर कांग्रेस ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह जी को दी श्रद्धांजलि

एम डी मंसूरी December 30, 2024, 2:36 pm Technology

झांतला। रविवार देर शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम कांग्रेस कार्यालय झांतला में आयोजित हुआ, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह के व्यक्तित्व और उनके देश की अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक योगदान पर गहन चर्चा की।

पूर्व पीएम की सादगी ने दुनिया का दिल जीता :-

ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मनीष जैन ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह सिर्फ एक राजनेता ही नहीं, बल्कि सादगी और ईमानदारी के प्रतीक थे। उनका जीवन लोगों के लिए प्रेरणादायक था और उन्होंने अपनी सादगी से यह सिद्ध किया कि एक शांत और विनम्र नेता भी बड़े बदलाव ला सकता है। उनकी सादगी ने न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया का दिल जीता।

हमेशा जनता के प्रति रहे समर्पित :-

इस अवसर पर जिला सचिव व पत्रकार एमडी मंसूरी ने कहा कि डॉ. सिंह हमेशा जनता के प्रति समर्पित रहे और उनका हर निर्णय देशहित को ध्यान में रखकर लिया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा मिली और उनकी नीतियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को संकट से बाहर निकाला।

डॉ. सिंह ने वित्त मंत्री के रूप में साहसिक कदम उठाते हुए उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण की नीतियों को अपनाया, जिसके कारण भारत वैश्विक आर्थिक मंच पर उभरती हुई ताकत बनकर सामने आया।

पूर्व पीएम के कार्यों पर हुई चर्चा :-

इस अवसर पर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष व सक्रिय पत्रकार राजेश शर्मा बोले डॉ. सिंह ग्रामीण रोजगार योजना (मनरेगा) और शिक्षा अधिकार अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं। इन नीतियों ने समाज में आर्थिक और सामाजिक असमानताओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंध मजबूत हुए और भारत को वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया गया। उनके कार्यकाल में अमेरिका, रूस और अन्य देशों के साथ भारत के संबंध मजबूत हुए। उनकी नीतियों और नेतृत्व के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया।

पत्रकार श्री शर्मा ने कहा कि डॉ. सिंह का जीवन हमें यह सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी सही निर्णय और नीतियां देश को प्रगति की राह पर ले जा सकती हैं। कांग्रेस पार्टी डॉ. मनमोहन सिंह की नीतियों और दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। पत्रकार श्री शर्मा ने जनता से अपील की कि वे डॉ. सिंह की नीतियों और उनके योगदान को समझें और उनकी प्रेरणा से खुद को आगे बढ़ाएं। इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष मानक जैन, वरिष्ट कांग्रेस नेता रामेश्वर लाल धाकड़, पूर्व सरपंच पति देवीलाल धाकड़, पूर्व उपसरपंच प्रकाश धाकड़, संजय जैन, मण्डलम अध्यक्ष श्रवण सैन, नीरज जैन, कैलाश धाकड़, मानक धाकड़, सुगनचंद धाकड़, छीतरमल धाकड़, मोहमंद हुसैन मंसूरी, कमलेश जैन , गोपाल सिंह, अकरम मंसूरी, शंकरलाल भील, सोहनलाल रैगर, पिंकेश सुतारआदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post