भाजपा की संगठन पर्व के निमित्त जिलास्तरीय कार्यशाला संपन्न

Neemuch Headlines November 4, 2024, 6:40 pm Technology

नीमच । भाजपा का राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान 2 सितंबर से पूरे देश में प्रारंभ हुआ था, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा जी के हाथों अपनी नवीन प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की थी, प्राथमिक सदस्यता का लक्ष्य 10 करोड़ रखा गया था जिसे भाजपा कार्यकर्ताओं ने तय समय सीमा पर प्राप्त किया।

भारतीय जनता पार्टी पूरे विश्व में सबसे अधिक कार्यकर्ताओं वाली राजनैतिक पार्टी का गौरव प्राप्त करने वाली पार्टी बन गई है। प्राथमिक सदस्यता के बाद अब पार्टी संगठन चुनाव कराने जा रही है जिसके लिए पिछले दिनों राष्ट्रीय कार्यशाला सम्पन्न हुई, राष्ट्रीय कार्यशाला के बाद प्रदेश की कार्यशाला व् इसी महीने के 3 तारीख से 5 तारीख तक जिलों की कार्यशाला सम्पन्न करने का लक्ष्य पार्टी ने निर्धारित किया है। इसी संदर्भ में आज भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच की कार्यशाला स्थानीय वात्सल्य भवन में आयोजित हुई जिसमें जिला संगठन निर्वाचन अधिकारी श्री सुरेन्द्र जी शर्मा ने कार्यशाला में उपस्थित अपेक्षित कार्यकर्ताओं का समग्र मार्गदर्शन किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि वैचारिक रूप से केंद्रित, मूल्य आधारित एवं सक्रिय बूथ समितियां पिछले 7 दशकों से भारतीय जनता पार्टी की ताकत रही है। सभी कार्यकर्ताओं को यह ध्यान रखना चाहिए कि बूथ समिति (स्थानीय समिति) का गठन संगठन पर्व की सबसे बड़ी गतिविधि है, संगठन पर्व के इस चरण के सफल कार्यान्वयन हेतु इस पर उचित महत्व, ध्यान और टीम वर्क की आवश्यकता है। श्री शर्मा जी ने प्राथमिक सदस्यता अभियान में जिले के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साधुवाद दिया साथ ही यह भी कहा कि हम भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह संगठन का कार्य ही पर्व है अतः हमें इस अभियान को उसी ऊर्जा के साथ पूरा करना है।

मंडलों के लिए बनाए गए चुनाव आधिकारियों को कहा कि आप मंडलों में जाएंगे वहां कार्यशाला में आप मंडलों के कार्यकर्ताओं को बताएं कि बूथ समिति के गठन में हमे महिलाओं को प्राथमिकता के श्रेणी में रखना है साथ ही सामाजिक समीकरण को साधते हुए संतुलित समिति का निर्माण कराए बूथ का अध्यक्ष प्रभावी हो इसकी चिंता भी हमे करनी है। मंडलों के हर बैठक में बूथ अध्यक्षों की उपस्थित हो इसके लिए मंडलों के जवाबदार कार्यकर्ता हमेशा ध्यान रखे। जिला भाजपा अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार ने कहा कि हमने अभी दीप पर्व बड़े ही उल्लास से मनाया है मैं सभी को बधाई देता हूं साथ ही हम भाजपा कार्यकर्ताओं को अब संगठन के निर्माण का पर्व मनाना है इसके लिए सभी कार्यकर्ता तैयार रहें।

आप सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से हमने प्राथमिक सदस्यता अभियान में अच्छा कार्य किया है प्रदेश संगठन के दिए लक्ष्य में अपेक्षा अनुरूप कार्य किया है इसी तरह हमें अब सक्रिय सदस्यता अभियान एवं बूथ समिति के चुनाव अभियान को भी तय समय में पूरा करना है मुझे पूर्ण विश्वास है कि कार्यकर्ताओं के साथ हम इसे भी पूर्ण करेंगे। जिला के सह संगठन चुनाव अधिकारी श्री महेंद्र भटनागर ने कहा कि हमें गर्व होता है कि हम पूरे विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी के कार्यकर्ता है जो सदैव राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करती रहती है। हमारी पार्टी में हमेशा लोकतंत्र का बहुत बड़ा स्थान रहा है इसलिए पार्टी संगठन चुनाव को पूरी ईमानदारी से लेती है यह पार्टी के महत्वपूर्ण कार्यों में एक है।

जिला भाजपा की इस महत्त्वपूर्ण कार्यशाला में जिला निर्वाचन प्रभारी श्री सुरेन्द्र जी शर्मा (शिवपुरी) पूर्व केबिनेट मंत्री एवं जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा, नीमच विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार, सह निर्वाचन प्रभारी व् प्रदेश कार्यसमित सदस्य महेद्र भटनागर, सह निर्वाचन प्रभारी व् प्रदेश कार्यसमित सदस्य हेमंत हरित, जिला भाजपा महामंत्री सुखलाल पंवार मंचासीन रहे | जिला भाजपा महामंत्री अशोक विक्रम सोनी ने मंच संचालन किया व् प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हेमंत हरित ने आभार प्रदर्शन किया। उक्त जानकारी भाजपा लोकसभा सोशल मिडिया सह प्रभारी योगेश राजोरा ने दी |

Related Post