Latest News

भाजपा की ये विकास की नहीं जनता के पैसों का दुरूपयोग कर अपनी खोखली राजनैतिक ताकत को प्रदर्शित करने वाली यात्रा है- सत्यनारायण पाटीदार

Neemuch Headlines February 5, 2023, 9:12 pm Technology

भाजपा के राज में प्रदेश का विकास नहीं भाजपा के मंत्रियों और नेताओं का निजी विकास हुआ है

नीमच । जावद के पूर्व जनपद अध्यक्ष व कांग्रेस नेता सत्यनारायण पाटीदार ने सरकारी खर्च पर जिला कलेक्टरों और प्रभारी मंत्रियों के सहयोग से भाजपा द्वारा 5 फरवरी 2023 से प्रदेश सहित नीमच जिले में प्रारंभ हुई कथित विकास यात्रा पर तीखा प्रतिकार करते हुए कहा कि प्रदेश व नीमच जिले की जनता को मूर्ख बनाने वाली इस यात्रा के पूर्व प्रदेश के मुखिया शिवराजसिंह चौहान सहित सांसद व नीमच जिले के तीनों विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, दिलीपसिंह परिहार, माधव मारू को प्रदेश की भाजपा सरकार के 18 वर्षीय विनाश काल का हिसाब देना चाहिए? सत्यनारायण पाटीदार ने चुनौती भरे लहजे में कहा कि यह यात्रा प्रदेश व नीमच जिले में व्याप्त भीषण भ्रष्टाचार, जंगल - माफियाराज, ध्वस्त कानून-व्यवस्था, मजदूरों, किसानों और बेरोजगारों के साथ हुई सरकारी क्रूरता को भुलाने का एक अक्षम्य राजनैतिक प्रयास है।

श्री पाटीदार ने प्रदेश की भाजपा सरकार और सांसद सहित जिले के भाजपा के जनप्रतिनिधियों से कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के 18 वर्षों के भाजपाई कार्यकाल में प्रदेश को गर्त में ढकेल दिया। 15 महीने के कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में विकास के नए आयाम लिखे गए जो 18 वर्षो में भाजपाई कार्यकाल में भी नहीं हो सके। उन्होंने कहा की मध्य प्रदेश में भाजपा के राज में एक लंबे समय तक ‘‘विकास की अर्थी’’ निकालते हुये प्रदेश को विनाशराज में तब्दील कर दिया है।

अब जनता के पैसों का दुरूपयोग कर अपनी खोखली राजनैतिक ताकत को प्रदर्शित करने वाली इस यात्रा को एक आर्थिक भ्रष्टाचार ही कहा जाएगा, क्योंकि प्रदेश आर्थिक कंगाली के मुहाने पर खड़ा हुआ है, साढ़े तीन लाख करोड़ का कर्ज हो चुका है, भाजपा के राज में प्रदेश का विकास नहीं भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के निजी विकास की गौरव गाथा लिखी जा चुकी है।

Related Post