झांतला से कल सुबह 9 बजे शुरू होगी भारत जोड़ो संदेश यात्रा, कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ता होंगे शामिल

एम.डी. मंसूरी November 7, 2022, 8:23 pm Technology

सिंगोली। तहसील क्षैत्र में भारत जोड़ो संदेश यात्रा का दूसरा पड़ाव कल 8 नवंबर 2022 मंगलवार सुबह 9 बजे शुरू होगा। इस बाबत जानकारी देते हुए नीमच जिला कांग्रेस प्रवक्ता भगत वर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा कन्याकुमारी से शुरू की गई भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन करने, और देश में बढ़ती नफरत के खिलाफ संदेश प्रसारित करते हुए देश भर में अलग अलग हिस्सों में भारत जोड़ो संदेश यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक एवं प्रभारी दिग्विजय सिंह, प्रदेश संयोजक पीसी शर्मा, उपयात्रा के प्रदेश प्रभारी अजय सिंह, जिला प्रभारी मुजीब कुरेशी, सह प्रभारी चन्द्र शेखर शर्मा एवं नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजीत कांठेड़ के मार्ग दर्शन में इस यात्रा का आगाज हुआ है। वर्मा ने बताया कि सिंगोली तहसील क्षैत्र में पहले पड़ाव की यात्रा गत 2 अक्टूबर को अरनिया महादेव से शुरू होकर झांतला में संपन्न हुई थी। जिसमे कुल 20 किमी का रास्ता तय किया गया था। जिला कांग्रेस के निर्देशानुसार दूसरे पड़ाव की यात्रा 8 नवम्बर 2022 मंगलवार सुबह 9 बजे शुरू होगी जो शाम रतनगढ़ में संपन्न होगी। जो अगले पड़ाव के साथ ही जावद और नीमच होते हुए उज्जैन में राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा के साथ मिल जायेगी। भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस तथा देश की एकता और अखंडता में विश्वास रखते हुए नफरत के खिलाफ एकजुट होने वाला हर एक कार्यकर्ता शामिल हो सकता है। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य महज भारत जोड़ो यात्रा का संदेश प्रसारित करते हुए कांग्रेस को मजबूत करना और विभिन्न वर्ग समुदाय के लोगों को आपस में जोड़ना है। सिंगोली क्षैत्र में दूसरे पड़ाव की पदयात्रा झांतला से कल सुबह 9 बजे शुरू होगी जो किशनपुरा, अथवा बुजुर्ग, सुला बावजी, उमर होते हुए रतनगढ़ में संपन्न होगी। यात्रा के दौरान भारत जोड़ो यात्रा के नीमच जिला प्रभारी तरुण बाहेती भी शामिल होंगे।

Related Post