सिंगोली। आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज एवं नवाचार्य श्री समय सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद तथा अर्ह योग प्रणेता मुनि श्री प्रणम्य सागर जी महाराज के सानिध्य में दिगंबर जैन समाज द्वारा 2 से 7 अप्रैल तक भव्य पंचकल्याणक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार, 29 मार्च को प्रातः 7:30 बजे मुनि प्रणम्य सागर जी महाराज का नगर में भव्य मंगल प्रवेश एवं नगर भ्रमण हुआ। इस अवसर पर जैन समाज के महिला-पुरुष, युवक-युवतियां भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। मंगल प्रवेश के दौरान मशक पार्टी, बैंड-बाजे एवं रथ आकर्षण का केंद्र रहे। नगर में जगह-जगह आकर्षक रंगोलियां सजाई गईं और महिलाओं ने कमल पुष्पों के साथ गुरुदेव का स्वागत किया।
विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कई स्थानों पर गुरुदेव का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। महोत्सव के पूर्व पूरे नगर को विद्युत सज्जा, स्वागत द्वार एवं बैनर-पोस्टरों से भव्य रूप से सजाया गया। नगर भ्रमण के पश्चात विद्यासागर संत निलय में गुरुदेव के अमृत प्रवचन का लाभ समाजजनों ने लिया। 30 मार्च को महावीर जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में प्रातः 7:30 बजे मंदिर से सकल जैन समाज की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। इसके पश्चात गौतमालय में मंगलाचरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट एवं गुरुदेव के प्रवचन आयोजित होंगे। साथ ही सामूहिक भोजन एवं सायंकाल भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में कोटा, भीलवाड़ा, बिजौलिया, बूंदी, रावतभाटा सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में पुलिस की विशेष व्यवस्था रही। इस अवसर पर जावद प्रभारी एसडीएम पराग जैन एवं प्रभारी तहसीलदार बालकृष्ण मकवाना ने भी उपस्थित होकर गुरुदेव से आशीर्वाद प्राप्त किया।ई