कृषि विज्ञान केन्द्र, नीमच में आर्या योजनान्तर्गत बकरी पालन पर सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

Neemuch Headlines August 28, 2022, 8:38 pm Technology

नीमच। दिनॉक 22 से 28 अगस्त 2022 तक आर्या योजनान्तर्गत ग्रामीण युवाओं हेतु बकरी पालन को लाभ का धंधा बनाने के उद्देश्य हेतु सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के नीमच, जावद, मनासा विकासखण्ड के 72 किसानों एवं ग्रामीण युवकों ने अपना पंजीयन कराया एवं प्रशिक्षण का लाभ लिया।

कार्यक्रम में केन्द्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. सी. पी. पचौरी ने कार्यक्रम उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी देते हुए बकरी पालन, बकरियों की प्रजातियों, बकरियों की आवास व्यवस्था, बकरी स्वास्थ्य प्रबंधन आदि की तकनीकियों के बारे में जानकारी दी। तकनीकी सत्र में केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. पी. एस. नरूका, वैज्ञानिक ने समूह गठन एवं बाजार से लिंक व्यवस्था के बारे में, डॉ. शिल्पी वर्मा, वैज्ञानिक एवं आर्या नोडल ऑफिसर ने वेल्यु एडिसन के अंतर्गत बकरी के दूध, मांस एवं ऊन आदि के लिए मार्केटिंग की जानकारी दी।

डॉ. श्यामसिंह सारंगदेवोत ने बकरी की विभिन्न प्रजातियों एवं उनके पालन हेतु उचित वातावरण में रखरखाव पर, डॉ. जे. पी. सिंह द्वारा जैविक खेती अपनाना एवं केंचुआ पालन पर जानकारी दी। पशुपालन विभाग के डॉ. के. के. शर्मा, डॉ. ए. आर. धाकड़ एवं डॉ. एस. के. शर्मा़, पशु चिकित्सक ने बकरी पालन में आवास व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, बीमारियों का प्रबंधन, रखरखाव आदि पर विस्तार से बताते हुए पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। बकरी पालन पर ऑन लाइन क्लास में रिंग केविके, कालूखेड़ा रतलाम के डॉ. सुशील कुमार एवं डॉ. डी. आर. पचौरी वैज्ञानिकों द्वारा भी प्रशिक्षणार्थियों को बकरी पालन पर विस्तृत जानकारी दी। प्रत्येक व्याख्यान के बाद पाठयक्रम पर आधारित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र एवं बकरी पालन संबंधी किट केन्द्र की ओर से दिए गए। एवं केन्द्र पर स्थापित बकरी पालन यूनिट, डेयरी यूनिट, पोल्ट्री यूनिट, फसल संग्रहालय पर हरा चारा, वर्मी यूनिट का भ्रमण कराया गया। तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद्/कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा तैयार उपरोक्त तकनीकियों से संबंधित बकरी पालन, जैविक खेती, केचुआं पालन संबंधी सीडी/विडियों में दिखाए गए। कार्यक्रम के अंत में श्रीमति संयुक्ता पाण्डे द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी विभागीय अधिकारियों, प्रशिक्षणार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। केन्द्र के कर्मचारी हरिसिंह, हरिश, मोहनलाल एवं श्रीमति रेखा का भी इस सात दिवसीय कार्यक्रम में सहयोग रहा।

Related Post