Latest News

11 से 17 अगस्त तक "हर घर तिरंगा" अभियान, विधायक मारू ने की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश

Neemuch Headlines July 22, 2022, 7:41 pm Technology

मनासा। यह राजनीतिक नही राष्ट्र के सम्मान का कार्यक्रम है, इसमे सभी दल और हर समाज, हर वर्ग और संस्था-संगठन की भागीदारी सुनिश्चित हो। सभी को अपने अपने घर पर तिरंगा लगाना है। 11 अगस्त से 17 अगस्त तक अपने घर, दूकान और प्रतिष्ठान पर झंडा लगाकर हमें स्वतंत्रता पखवाड़ा मनाना है। यह बात विधायक अनिरूद्ध (माधव) मारू ने जनपद पंचायत सभाकक्ष में हर घर तिरंगा अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित बैठक में कहीं। बैठक में विधायक मारू ने तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जनपद पंचायत सीईओ डीएस मेशराम सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। विभागवार सौंपी जिम्मेदारियां :- पंचायत गांव में झंडे के वितरण के लिए केन्द्र बनाएंगी। राष्ट्रीय ध्वज समस्त सरकारी, गैर सरकारी, निजी संस्थानों, निजी आवास और कार्यालयों आदि पर फहराए जाने हैं। घर घर झंडे कार्यक्रम की तैयारियों के लिए जनपद पंचायत और नगर निकायों को जिम्मेदारी सौंप दी है। इसके अलावा अन्य विभागो को भी तैयारियों के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए है। स्कूलों में साईकिल रैली, निबंध स्पर्धा :- स्कूलों में 29 जुलाई से 6 अगस्त तक जागरूकता कार्यक्रम है। इसके तहत साइकिल रैली, चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता व अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएगी। साथ ही घर घर तिरंगा लगाने के लिए बच्चों को प्रेरित किया जाएगा। ये रखनी होगी सावधानियां :- आमजन को झंडा फहराने के लिए भारतीय झंडा संहिता 2002 के सभी नियमों का पालन करना होगा। यानी झंडा खुले में सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच ही फहराया जा सकेगा। झंडा कटा-फटा या मैला कुचैला नहीं होना चाहिए। झंडे पर कुछ लिखा हुआ नहीं होना चाहिए। इसके अलावा भी राष्ट्रीय ध्वज को फहराने के सभी नियमों का पालन कर सम्मान पूर्वक फहराया जाएगा।

Related Post