Latest News

तालाब किनारे चला स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त संदेश के साथ विद्यार्थियों ने जगाई जागरूकता।

Neemuch headlines March 31, 2026, 1:49 pm Technology

मनासा । शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय, मनासा में आज प्राचार्य डॉ. एम. एल. धाकड़ के निर्देशन में ईको क्लब के तत्वाधान में एक सराहनीय स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों डॉक्टर स्मिता रावत, डॉक्टर ममता बसेर, श्री विवेक सरसिया आदि ने महाविद्यालय के समीप स्थित तालाब के आसपास व्यापक साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और तालाब परिसर में फैली गंदगी एवं प्लास्टिक कचरे को हटाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाई।

इस दौरान प्रतिभागियों ने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प भी लिया। अभियान के दूसरे चरण में ईको क्लब प्रभारी प्रोफेसर मुकेश मालवीय के नेतृत्व में विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने तालाब के समीप स्थित रिहायशी क्षेत्रों एवं दुकानों में जाकर लोगों से संवाद किया। उन्होंने एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी तथा इसके उपयोग को कम करने और पूर्णतः बंद करने हेतु जागरूक किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. धाकड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि सतत प्रक्रिया है, जिसमें हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर ईको क्लब प्रभारी प्रोफेसर मुकेश मालवीय ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

इस पहल को स्थानीय स्तर पर सराहना मिल रही है और इसे एक प्रेरणादायक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Related Post