जावद विधानसभा क्षेत्र की 6 नगर परिषद पर भाजपा का कब्जा, कैबिनेट मंत्री सकलेचा ने जीत का दिया इनको श्रेय पढ़े ख़ास खबर

प्रदीप जैन July 20, 2022, 7:47 pm Technology

सिंगोली। जावद विधानसभा क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अब नगर परिषद चुनाव में भी भाजपा ने अपना परचम लहराया है। सात में से छह नगर परिषद पर भाजपा ने बहुमत हासिल किया है. सूक्ष्म, लघु,मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक ओम प्रकाश सखलेचा ने सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी।

उन्होंने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया है। सखलेचा ने कहा कि यह जीत निश्चित ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व पर जनता के विश्वास और उनकी जनकल्याणकारी नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि यह जीत हमें जनता की लगातार सेवा करने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि मैं सभी भाजपा प्रत्याशियों को बधाई देता हूं एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं व मतदाताओं का भी आत्मीय आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने दिन रात मेहनत कर शीर्ष नेतृत्व के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के संगठनात्मक नेतृत्व में भाजपा की नीतियों पर विश्वास जताते हुए प्रचंड बहुमत से भाजपा को विजयी बनाया है।

नगर की सरकार चुनने के लिए ग्रामीण व शहरी मतदाताओं ने भाजपा पर अपना विश्वास जताया, जिसके चलते यह परिणाम सामने आए हैं। जावद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का वजूद लगभग समाप्ति की ओर है,उन्होंने बताया कि जावद विधानसभा अंतर्गत कुल सात नगर परिषद है, जिसमें से जावद, सिंगोली, रतनगढ़, डीकेन, सरवानिया महाराज, अठाना, नयागांव है जिसमें से नयागांव को छोड़कर शेष सभी नगर परिषद पर भाजपा ने अपनी बढ़त हासिल कर ली है।

जावद नगर परिषद में सर्वाधिक 15 में से 13 वार्ड पर भाजपा ने विजय हासिल की है। यहां तक कि श्री सखलेचा के गृह वार्ड 14 से तो कांग्रेस की जमानत जब्त भी हो गई, यहां बीजेपी प्रत्याशी श्री सुचित रमेशचंद्र सोनी को 514 वोट मिले तो वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 53 वोट ही मिले।

इसी तरह नगर परिषद् अठाना में 15 में से 09 वार्डों पर, सरवानिया महाराज में 15 में से 11 वार्डों पर, डिकेन में 15 में से 12 वार्डों पर, रतनगढ़ में 15 में से 10 वार्डों पर और सिंगोली में 15 में से 09 वार्डों पर भाजपा ने अपनी जीत दर्ज की है।

Related Post