श्रीमती चेतन देवी वीरेंद्र कुमार सखलेचा पंचतत्व में विलीन, ज्येष्ठ पुत्र मंत्री सखलेचा ने दी मुखाग्नि

Neemuch Headlines July 7, 2022, 8:04 pm Technology

सिंगोली। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री वीरेंद्र कुमार सखलेचा की धर्मपत्नी श्रीमती चेतन देवी सखलेचा गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गई। भदभदा विश्राम घाट पर स्वर्गीय श्रीमती सखलेचा के ज्येष्ठ पुत्र और एमएसएमई मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने उनकी देह को मुखाग्नि दी।

इस अवसर पर उनके अन्य पुत्र श्री विजय और श्री राजकुमार सखलेचा भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि बुधवार को श्रीमती सखलेचा का उपचार के दौरान निधन हो गया था। विश्राम घाट पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, कृषि मंत्री कमल पटेल, विधायक पी सी शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से कलेक्टर भोपाल अविनाश लवानिया तथा भाजपा के संगठन महामंत्री हितानन्द शर्मा ने पुष्पचक्र तथा श्रद्धासुमन अर्पित किये।

इस अवसर राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग संघों के पदाधिकारी, समाजसेवी,जनप्रतिनिधि और अनेक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे। मंत्री सखलेचा के प्रोफेसर कालोनी स्थित निवास पर स्वर्गीय श्रीमती सखलेचा को श्रृद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा। भाजपा के अध्यक्ष और सासंद श्री वी.डी. शर्मा ने सुबह स्वर्गीय सखलेचा को श्रृद्धासुमन अर्पित कर श्रृद्धांजलि दी।

उन्होंने मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा और उनके परिवारजनों से भेंट कर दुख व्यक्त संबल भी प्रदान किया। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह भी सखलेचा के निवास पर पहुँची और उन्होंने श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को ढाढस बंधाया। उन्होंने स्वर्गीय श्रीमती सखलेचा को अंतिम विदाई भी दी।

आवास पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव के अलावा उद्योग आयुक्त पी नरहरि सहित अनेक व्यक्तियों ने भी श्रृद्धा सुमन अर्पित किए। अंतिम संस्कार के पश्चात प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी ओमप्रकाश सखलेचा के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित निवास पहुंचे जहां उन्होंने स्वर्गीय श्रीमती चेतन देवी सखलेचा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शोक व्यक्त किया। उनके साथ भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉक्टर हितेश बाजपाई भी उपस्थित थे।

राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री श्री चंद कृपलानी ने भी सखलेचा के निवास पहुंचकर स्वर्गीय श्रीमती चेतन देवी सखलेचा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मानस भवन में शोक बैठक शुक्रवार को :-

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री वीरेन्द्र कुमार सखलेचा की धर्मपत्नी और एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा की मां श्रीमती चेतन देवी सखलेचा के निधन पर शुक्रवार 8 जुलाई को मानस में सुबह 10 बजे से शोक की बैठक आयोजित की गई है। शांति पाठ में विभिन्न गणमान्यजनों के सम्मिलित होने की संभावना है।

शनिवार को जावद में उठावना :-

श्रीमती चेतन देवी सखलेचा के निधन पर 09 जुलाई शनिवार को जावद कृषि उपज मंडी प्रांगण में दोपहर 02 बजे से उठावना आयोजित किया गया है जिसमे क्षेत्र एवं आसपास के गणमान्यजन शामिल होंगे।

Related Post