इस हफ्ते भी शीतलहर की चपेट में रहेगा उत्तर-पश्चिम भारत, इन राज्यों में तीन से पांच डिग्री तक गिर सकता है पारा

NEEMUCH HEADLINES January 25, 2022, 8:20 am Technology

उत्तर पश्चिम और मध्य भारत इस हफ्ते शीतलहर की चपेट में रहेगा। मौसम विभाग ने यह अनुमान जताया है। आईएमडी की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि अगले पांच दिन में कई राज्यों में तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

आईएमडी के मुताबिक, शीतलहर के चलते दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में शीतलहर की वजह से जबरदस्त ठंड पड़ेगी। इसके अलावा उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में अगले दो से तीन दिन बेहद ठंडे दिन (कोल्ड डे) साबित हो सकते हैं।

अनुमान है कि इनमें से कुछ राज्यों में अगले पांच दिन में शीतलहर गंभीर स्थिति तक पहुंच सकती है।

इन राज्यों में छाया रहेगा घना कोहरा :-

पंजाब, यूपी, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, सिक्किम, मेघालय और त्रिपुरा में अगले दो से तीन दिन भयंकर कोहरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, शीतलहर के दौरान कोल्ड डे या ठंडे दिन वह दिन होते हैं, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे हो और अधिकतम तापमान कम से कम सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहे। इसके अलावा गंभीर रूप से ठंडा दिन वह है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम रहे।

Related Post