नीमच। शासकीय स्कूलों एवं आंगनबाड़ियों में मध्याह्न भोजन का संचालन करने वाले स्वयं सहायता समूहों को गैस टंकी नहीं मिलने की समस्या को लेकर महिला एवं बाल विकास जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं महिला समूहों के पदाधिकारियों ने भाग लेकर अपनी-अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
बैठक में महिला एवं बाल विकास की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकित पंड्या, शिक्षा विभाग से डीपीसी, खाद्य विभाग से जेएसओ विनोद नागोरी सहित महिला स्वयं सहायता समूह संगठन की प्रदेश अध्यक्ष माया-मनोहर बैरागी, जिला अध्यक्ष श्रीमती माया पाटीदार, जिला सचिव आशा शर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रमिला चौहान, विद्या बाई पुरोहित, विद्या बाई शर्मा, रेखा पाटीदार, आरती, संजय जैन, चांदमल पुरोहित सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि वर्तमान में गैस बुकिंग की समस्या अधिक होने के कारण अस्थायी रूप से चूल्हे या अन्य वैकल्पिक साधनों से भोजन बनाने की व्यवस्था की जा सकती है। साथ ही गैस एजेंसियों से समन्वय कर स्वयं सहायता समूहों के नाम से गैस कनेक्शन जारी कराने और समूह द्वारा ही बुकिंग कराने पर जोर दिया गया,
ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या न हो। अधिकारियों ने यह भी बताया कि पूर्व में पालक-शिक्षक संघ के नाम से लिए गए गैस कनेक्शन अब समस्या का कारण बन रहे हैं, क्योंकि उनके खातों के बंद हो जाने से भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इस संबंध में विभाग स्तर से आवश्यक पत्राचार किया जाएगा। बैठक में यह आश्वासन भी दिया गया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला कलेक्टर से चर्चा कर उचित कदम उठाए जाएंगे। वहीं, महिला स्वयं सहायता समूह संघ, जिला नीमच द्वारा गैस बुकिंग में आ रही समस्याओं के निराकरण हेतु कलेक्टर महोदय के नाम एक अनुरोध पत्र भी सौंपा गया