Latest News

मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा कोरोना, ग्वालियर में कोरोना विस्फोट, 22 संक्रमित मिले, दतिया कलेक्टर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव

NEEMUCH HEADLINES January 4, 2022, 7:55 am Technology

भोपाल। ग्वालियर में एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ है। सोमवार को मिली रिपोर्ट में एक साथ 22 पॉजिटिव सामने आए हैं। पिछले 3 दिनों में 37 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।

इसके साथ ही दतिया कलेक्टर संजय कुमार सिंह की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उनके परिवार के 4 अन्य सदस्य भी संक्रमित मिले हैं। कलेक्टर की बेटी हाल में दिल्ली से वापस थी। यहां वह रविवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद कलेक्टर व उनके परिवार के सदस्यों की जांच कराई। इस मामले में कलेक्टर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।

दूसरी लहर लाने वाले डेल्टा वैरिएंट ने बढ़ाई चिंता :-

मध्यप्रदेश में कोरोना तीसरी लहर की दस्तक के साथ ही आउट ऑफ कंट्रोल हो गया है। प्रदेश में एक दिन में 221 नए केस मिले हैं। इनमें से आधे केस अकेले इंदौर में मिले हैं। यहां 24 घंटे में 110 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा, जिस रफ्तार से केस बढ़ रहे हैं, वह खतरनाक है। प्रतिबंध लगाएंगे। शादियों में गेस्ट की संख्या सीमित करेंगे। बड़े कार्यक्रम कोई न कराएं।

कोरोना के डेल्टा वैरिएंट लगातार मिलने के साथ ओमिक्रॉन भी तेजी से फैल रहा है। तबाही मचाने वाली दूसरी लहर डेल्टा ही लाया था। यह जानलेवा वैरिएंट अभी भी लगातार मिल रहा है। इसने सबको सकते में डाल दिया है। 24 दिसंबर तक आई सरकारी रिपोर्ट ही देखें तो 2356 रिपोर्ट में मिले 828 में वैरिएंट परेशान करने वाले थे। डेल्टा+ के 14, यूके स्ट्रेन अल्फा 79, डेल्टा का ट्रिपल म्यूटेशन 735 मिल चुके हैं। ओमिक्रॉन 11 निकले। इंदौर में प्रतिबंध की गाइडलाइन सबसे पहले आ सकती है। संकेत प्रशासन ने दिए हैं। इंदौर में 206 दिन बाद पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा तीन अंकों में आया है। इससे पहले 10 जून 2021 को 117 मरीज मिले थे। शहर में पांच दिन में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर पांच गुना हो गई है। रविवार तक यह संख्या 438 तक पहुंच गई। इसके पहले बीते साल जून में एक्टिव मरीजों की संख्या 344 थी। संक्रमण दर 1.58 फीसदी हो गई है। भोपाल में रविवार को कोरोना के 54 नए केस मिले। पुराने शहर में एक ही परिवार के 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 4 महीने का बच्चा भी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग इनकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कर रहा है। इसके अलावा ग्वालियर में दूसरे दिन केस डबल हो गए। यहां 9 नए केस मिले हैं। इसके अलावा सागर और जबलपुर में 4-4 नए केस मिले हैं। रतलाम में 2 नए पॉजिटिव मिले हैं। जावरा के नजरबाग कॉलोनी में 14 साल की लड़की और रतलाम के वाहिदनगर में 26 साल का युवक संक्रमित मिला है।

जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 7 हो गई है। उज्जैन में रविवार को 8 पॉजिटिव आए। यहां 33 एक्टिव केस हैं। रीवा में 6, सागर में 4 नए संक्रमित मिले हैं। जबलपुर में 4 नए संक्रमित मिले हैं। तीन की ट्रेवल हिस्ट्री मिली है। दो सेना के जवान हैं। दोनों ही बाहर से जबलपुर ट्रेनिंग के लिए आए हैं। हल्के लक्षण हैं। दोनों कोविड के दोनों डोज लगवा चुके हैं। एक महिला कैंसर पेशेंट है। इलाज कराकर मुम्बई के टाटा मेमोरियल अस्पताल से लौटी हैं।

इंदौर में कोविड केयर सेंटर और ऑक्सीजन प्लांट शुरू किए जाएंगे :-

बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए इंदौर में राधास्वामी कोविड केयर सेंटर सोमवार से शुरू किया जा रहा है। 1250 बेड की क्षमता वाले इस सेंटर को अभी 650 बेड के साथ खोला जाएगा। यहां प्रारंभिक लक्षण वाले मरीजों को रखा जाएगा। रविवार को हुई जिला आपदा प्रबंधन की बैठक में यह फैसला लिया गया। ज्यादातर ऑक्सीजन प्लांट भी सोमवार से चालू कर दिए जाएंगे। तीन प्लांट जिनका काम पूरा नहीं हुआ है, उन्हें 15 जनवरी तक चालू करने का लक्ष्य तय किया गया है।

Related Post