मौके पर ही समाधान के दिए निर्देश, नहरों से अतिक्रमण हटाने और स्वास्थ्य केंद्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए
पशु चिकित्सा शिविर, सोसाइटी सदस्यता शिविर के निर्देश, लाड़ली लक्ष्मियों को सौंपे लाभ पत्र
नीमच। 'प्रशासन आपके द्वार' अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मनासा क्षेत्र के ग्राम कंजार्डा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर एवं रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही निराकरण कराया। कलेक्टर चंद्रा ने दिए प्रमुख निर्देश :- स्वास्थ्य सुविधाएं :- ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने कंजार्डा में नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र भवन में सात दिवस के भीतर स्वास्थ्य केंद्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए। सिंचाई नहरों की मरम्मत :- चंबलेश्वर की नहरों के संबंध में कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को दो दिन में विभागीय टीम भेजकर निरीक्षण कराने, आवश्यक मरम्मत कार्य प्रारंभ कराने और नहरों पर से अतिक्रमण तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। कार्यपालन यंत्री ने दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया। यातायात समस्या का समाधान :- कलेक्टर ने कंजार्डा चौकड़ी मार्ग पर अतिक्रमण हटाने हेतु ग्राम पंचायत एवं तहसीलदार को निर्देशित किया। अतिरिक्त पुलिया निर्माण की मांग पर लोक निर्माण विभाग को उपयोगिता परीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा। पशु उपचार शिविर :- पशुपालकों की मांग पर उपसंचालक पशुपालन को आगामी सोमवार को कंजार्डा में पशु चिकित्सा शिविर लगाने के निर्देश दिए। उर्वरक वितरण :- कलेक्टर ने छोटे किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने हेतु सोमवार को सोसाइटी में सदस्यता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। समिति की सदस्यता प्राप्त कर किसान सोसाइटी से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। स्वामित्व योजना :- छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को आवासीय पट्टे हेतु नियमानुसार कलेक्टर न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी। हितलाभ वितरण :- रात्रि चौपाल में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से दो लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को लाभ पत्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत चार माताओं को लाभ पत्र एवं कम वजन वाले चार बच्चों को न्यूट्री बास्केट वितरित किए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, वनमंडल अधिकारी एस.के. अटोदे, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धारवे, जनपद सीईओ आरिफ खान सहित समस्त जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रारंभ में सरपंच भूरालाल मालवीय ने कलेक्टर एवं अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं साफा बांधकर स्वागत किया।
क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित थे।