मंदसौर । जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने 89 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो। लोगों को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। मंदसौर निवासी गोपाल ने स्वेच्छानुदान दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर नजीर शाखा प्रभारी अधिकारी मंदसौर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बाबुल्दा निवासी लिसी लुकोस ने समयमान, वेतनमान दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर सीएमएचओ मंदसौर को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। सूठोद निवासी भागवतीबाई ने रास्ते की बाधा हटवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार मल्हारगढ़ को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में भूमि का कब्जा दिलवाने, विद्युत कनेक्शन लगवाने, रास्ता खुलवाने, मुआवजा राशि दिलवाने, सम्मान निधी दिलवाने, फसल बिमा दिलवाने एवं सीमांकन कर निर्माण करवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।