मंदसौर । अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल की अध्यक्षता में सोमवार को सुशासन भवन स्थित सभागृह में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर कलेक्टर श्रीमती जायसवाल ने निर्देश दिए कि समग्र आईडी से संबंधित कार्यों के लिए विशेष शिविर लगातार आयोजित किए जाएं तथा उनकी प्रतिदिन समीक्षा की जाए। शिविरों में नवीन समग्र निर्माण एवं ई-केवाईसी के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूलों में मरम्मत कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करें। साथ ही छात्रावास, आंगनबाड़ी भवन एवं अन्य शासकीय भवनों के मरम्मत कार्य भी वर्षाकाल से पूर्व पूर्ण किए जाएं। बैठक में बताया गया कि जिले में 12 जून से 18 जून 2026 तक जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से हितग्राही मूलक योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भूमि आवंटन के बिना कोई भी विभाग निर्माण कार्य प्रारंभ न करे। पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा पानी की चोरी से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा संबल योजना के पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता राशि से संबंधित लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।