मंदसौर । पुलिस विभाग द्वारा कुषाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में नशामुक्ति सूचना शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, वनमंडलाधिकारी संजय रॉयखेरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज जारी किए जा रहे हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देकर नागरिक पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा समाज को नशे और अवैध गतिविधियों से मुक्त बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना ने कहा कि यदि आसपास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित हो रही हो तो उसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर पर दें। पुलिस प्रशासन सदैव आमजन के साथ है और उनकी सुरक्षा एवं सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। नशामुक्ति विशेषज्ञ डॉ. वंदना पाटीदार ने नशे से होने वाले दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को किस प्रकार प्रभावित करता है। साथ ही उन्होंने लोगों से नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों की सहायता करने तथा उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान शासकीय सुंदरलाल पटवा चिकित्सा महाविद्यालय की टीम द्वारा नशामुक्ति का संदेश देते हुए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। वहीं भावना लोहार ड्राइंग स्कूल की टीम द्वारा नशामुक्ति विषय पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी एवं रंगोली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य श्री महेश त्रिवेदी द्वारा नशामुक्ति पर आधारित गीत को लांच किया गया। कार्यक्रम का संचालन नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर ने किया तथा अंत में एसडीओपी श्रीमती कीर्ति बघेल ने आभार व्यक्त किया।