मंदसौर गरोठ विधायक चंदरसिंह सिसोदिया ने ग्राम चिकनिया में टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत आयोजित आयुष्मान आरोग्य शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए गए तथा ग्रामीणों को टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीण जन को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। शिविर में आने वाले मरीजों के लिए उच्च स्तरीय एवं आधुनिक जांच सेवाएं पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर में एक्स-रे, सीबीनाट जांच, ब्लड टेस्ट, आरबीएस तथा एचआईवी जांच जैसी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित किए गए, ताकि उन्हें बेहतर पोषण मिल सके और वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें। साथ ही उपस्थित सभी ग्रामवासियों को अपने क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाने एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई गई।