जल के बिना जीवन संभव नहीं, जल जीवन का अभिन्न अंग : सांसद गुप्ता

Neemuch headlines May 25, 2026, 7:53 pm Technology

मंदसौर । गंगा दशहरा के पावन अवसर पर पशुपतिनाथ मंदिर स्थित शिवना नदी के घाट पर सांसद सुधीर गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता कर शिवना नदी घाट की सफाई की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है और जल प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का अभिन्न अंग बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि नदी का स्वभाव ही ऐसा होता है जिसमें परम आनंद की अनुभूति होती है तथा सभ्यताओं का विकास भी नदियों के किनारे ही हुआ है। गंगा दशहरा का यह पावन दिवस समाज को जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश देने वाला है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए वर्तमान समय में जल संरक्षण के लिए विशेष प्रयास आवश्यक हैं। शिवना नदी के किनारे श्रमदान करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि शिवना नदी में सामूहिक श्रमदान के माध्यम से प्रारंभ हुआ सफाई अभियान प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ अभियान घोषित हुआ था तथा देशभर में जल संवर्धन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का अवसर मिला। सांसद गुप्ता ने कहा कि आज चंबल का पानी खेतों तक पहुंच रहा है तथा माइक्रो सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ मिल रहा है। किसानों को ड्रिप सिंचाई अपनाने के लिए प्रेरित एवं प्रशिक्षित किया जाना चाहिए ताकि जल की बचत सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे आज लगभग 97 प्रतिशत इलेक्ट्रिक ऊर्जा पर आधारित हो चुका है तथा पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता लगभग समाप्त हो रही है। साथ ही मंदसौर-नीमच क्षेत्र में परमाणु ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं को लेकर केंद्र सरकार द्वारा सर्वे कार्य भी कराया जा रहा है। सांसद गुप्ता ने कहा कि भारत स्वच्छता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता है तथा राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए। स्वच्छता केवल नदी और आसपास ही नहीं, बल्कि मन में भी होना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में सांसद गुप्ता ने सभी को शपथ भी दिलाई। शपथ दिलाते हुए उन्होंने कहा कि "मंदसौर नगर, प्रदेश और देश के पर्यावरण को सुरक्षित रखने एवं संरक्षित करने के लिए में शपथ लेता हूँ कि मैं अपने तन, मन और धन से अपना योगदान सहर्ष और स्वैच्छा से प्रदान करूँगा। मैं शपथ लेता हूँ कि माँ शिवना को प्रदूषण से बचाने के लिए और उसे स्वच्छ रखने के लिए मैं अपना संपूर्ण योगदान दूँगा और मित्रों को प्रेरित करूँगा।"

Related Post