बाढ़ नियंत्रण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित करें : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

Neemuch headlines May 25, 2026, 7:49 pm Technology

मंदसौर । कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन में बाढ़ नियंत्रण संबंधी बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि जिले में बाढ़ नियंत्रण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि बाढ़ से बचाव के लिए भानपुरा क्षेत्र में एक स्थायी टीम तैनात रखी जाए। खनिज विभाग पुरानी खदानों का चिन्हांकन करे तथा रेवेन्यू एवं होमगार्ड विभाग के साथ संयुक्त रूप से उनका अवलोकन करें। साथ ही खदानों के बाहर चेतावनी संबंधी बोर्ड भी लगाए जाएं। कलेक्टर ने जिले की सभी छोटी पुल-पुलियाओं पर सुरक्षा की दृष्टि से रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को सभी स्कूल भवनों की जांच करने तथा जहां मरम्मत की आवश्यकता हो वहां वर्षा ऋतु पूर्व मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सभी एसडीएम को पुराने एवं जर्जर भवनों का चिन्हांकन कर संबंधितों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी बसों के परमिट एवं फिटनेस की वर्षा पूर्व जांच सुनिश्चित करें।

विशेष रूप से यह ध्यान रखा जाए कि वर्षा के दौरान बच्चों से भरी बसें पुल-पुलियाओं को पार न करें।

Related Post