Latest News

ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण से बदली शिवपुरी गोस्वामी की जिंदगी

Neemuch headlines May 21, 2026, 7:05 pm Technology

मंदसौर । ग्राम तीतरोद निवासी शिवपुरी गोस्वामी ने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद मेहनत और प्रशिक्षण के दम पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने केवल कक्षा 6 वीं तक पढ़ाई की और उसके बाद प्लंबिंग का कार्य करने लगे, लेकिन कम आमदनी के कारण परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) मंदसौर के बारे में जानकारी मिली, जहां रेफ्रिजरेटर एवं एसी रिपेयरिंग का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा था। उन्होंने फैकल्टी श्रीमती रवीना प्रजापति से संपर्क कर आवेदन किया और 11 जुलाई 2025 से 9 अगस्त 2025 तक 30 दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें एसी और रेफ्रिजरेटर रिपेयरिंग का व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान दिया गया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद शिवपुरी गोस्वामी ने स्वयं की 10 हजार रुपये की पूंजी लगाकर आवश्यक टूल्स खरीदे और घर से ही छोटी सी दुकान शुरू की। धीरे-धीरे उन्होंने गांव-गांव जाकर एसी एवं रेफ्रिजरेटर रिपेयरिंग का कार्य करना शुरू किया। आज लोग उनके पास रिपेयरिंग कार्य के लिए स्वयं आने लगे हैं। वर्तमान में वे प्रतिमाह 25 हजार से 30 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं। गोस्वामी ने अपनी सफलता का श्रेय भारत सरकार एवं आरसेटी मंदसौर को देते हुए कहा कि संस्थान द्वारा दिए गए प्रशिक्षण और मार्गदर्शन ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।

Related Post