मंदसौर । सिविल सर्जन डॉ. रावत द्वारा बताया गया कि केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन द्वारा आयोजित हड़ताल के मद्देनजर जिला चिकित्सालय मन्दसौर में मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर (दवाई वितरण केंद्र) को विशेष व्यवस्था के तहत प्रातः 9:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक लगातार संचालित किया गया।
साथ ही जिला चिकित्सालय में आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे सुचारु रूप से जारी रहीं। हड़ताल के कारण जिले में कई निजी मेडिकल स्टोर बंद रहे, लेकिन जिला चिकित्सालय के दवाई वितरण केंद्र पर मरीजों को आवश्यक दवाइयाँ लगातार उपलब्ध कराई गईं। अस्पताल प्रशासन द्वारा विशेष मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी मरीज को दवाई के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान दवाई वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सभी कर्मचारियों ने समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए मरीजों को समय पर दवाइयाँ उपलब्ध कराईं। जिला चिकित्सालय प्रशासन द्वारा आमजन को यह संदेश भी दिया गया कि अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं दवाई वितरण व्यवस्था निरंतर जारी है तथा मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।