Latest News

आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करें : सीईओ जिला पंचायत जैन

Neemuch headlines May 19, 2026, 5:32 pm Technology

मंदसौर । जिला पोषण एवं स्वास्थ्य समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति की संयुक्त बैठक का आयोजन सुशासन भवन के सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में डीपीओ बीएल विश्नोई, महिला एवं बाल विकास विभाग के समस्त परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, ब्लॉक समन्वयक, जिला समन्वयक एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त बीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए सीईओ जिला पंचायत श्री जैन ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित पोर्टलों पर डेटा एंट्री का कार्य शत-प्रतिशत एवं समय पर किया जाए। किसी भी स्तर पर जानकारी अधूरी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते एवं भोजन वितरण की जानकारी प्रतिदिन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा हितग्राहियों को प्रदाय की जा रही सेवाओं की निरंतर समीक्षा की जाए।

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार नवीन हितग्राही पंजीयन करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सभी बच्चों की ‘अपार’ एवं ‘आभा’ आईडी अनिवार्य रूप से बनाए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों की समग्र आईडी तैयार करने को कहा गया। सीईओ जैन ने कहा कि यदि मैदानी स्तर पर कोई नवाचार या नया प्रयोग किया जा रहा है तो उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अन्य क्षेत्रों को भी उससे प्रेरणा मिल सके। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टेक होम राशन के शत-प्रतिशत वितरण पर भी विशेष जोर दिया गया।

मैदानी मॉनिटरिंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नव नियुक्त पर्यवेक्षकों को अपने-अपने सेक्टर के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित भ्रमण एवं निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती बच्चों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं 14 दिवस की प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम को अस्पतालों में ओपीडी सेवाओं पर विशेष ध्यान देने, टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत लगातार विशेष अभियान चलाने तथा आईडीएसपी कार्यक्रम की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

Related Post