जिले में जनगणना का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण, स्व गणना में मंदसौर प्रदेश में प्रथम : जिला जनगणना अधिकारी

Neemuch headlines May 18, 2026, 7:10 pm Technology

मंदसौर साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने बताया कि जिले में जनगणना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में चार्ज अधिकारी लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करवाया जाए। उन्होंने बताया कि स्व गणना अभियान अंतर्गत मंदसौर जिले ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी सीएमओ को निर्देशित करते हुए कहा गया कि गर्मी एवं आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए आवश्यक तैयारियां पूर्व से सुनिश्चित करें। अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु फायर ब्रिगेड एवं अन्य संसाधनों को हमेशा अलर्ट मोड में रखा जाए। जहां कहीं पेयजल की समस्या उत्पन्न हो, वहां तत्काल आवश्यक जल स्रोतों का अधिग्रहण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भू-अर्जन के प्रकरण लंबित नहीं रखने एवं ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उपार्जन केंद्रों पर किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। बारदान एवं गोदाम की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। बताया गया कि 23 मई तक स्लॉट बुकिंग जारी रहेगी। गेहूं परिवहन कार्य सुचारु रूप से संचालित हो, इसमें किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल जानकारी देने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

Related Post