मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन हेतु ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू

Neemuch headlines May 18, 2026, 7:08 pm Technology

मंदसौर । नगरीय निकाय एवं पंचायतों की मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के पश्चात सुशासन भवन में जिला स्तरीय स्टेण्डिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने की। बैठक में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती जायसवाल ने मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण अंतर्गत चल रही दावा-आपत्ति प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार ऑनलाइन नाम जोड़ने, नाम विलोपन एवं नाम संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस संबंध में जिले के मास्टर ट्रेनर श्री संजय राजगुरू द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया गया कि मतदाता ऑनलाइन लिंक www.mplocalelection.mp.gov.in के माध्यम से नाम जोड़ने हेतु ER-1, नाम विलोपन हेतु ER-2 तथा नाम संशोधन हेतु ER-3 फार्म भर सकते हैं। जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनिता चकोटिया ने बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, पार्षदों तथा जनपद एवं जिला पंचायत सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची संबंधी कार्यों में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि संबंधित प्राधिकृत अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को नाम जोड़ने, नाम विलोपन एवं नाम संशोधन की ऑनलाइन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

Related Post