मंदसौर । कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में राहगीर अभियान के अंतर्गत ग्राम बोलिया, मोलाखेड़ी एवं बार्डियाअमरा में तहसीलदार अर्जुन भदोरिया, नायब तहसीलदार श्री रघुनाथ मचार एवं जनेद्र की उपस्थिति में हल्का पटवारी तथा कृषकों के जनसहयोग से शासकीय रास्तों को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों एवं किसानों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वयं आगे आकर रास्तों से अतिक्रमण हटाया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों तक पहुंचने वाले शासकीय मार्गों को सुगम एवं व्यवस्थित बनाना है, ताकि वर्षा ऋतु में भी किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। गरोठ एसडीएम राहुल चौहान ने बताया कि राहगीर अभियान के अंतर्गत किसानों के जनसहयोग एवं जनभागीदारी से गांवों के रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। किसानों द्वारा स्वेच्छा से सहयोग किए जाने से मार्ग सरल और सुगम बन रहे हैं, जिससे ग्रामीणों एवं कृषकों को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी। अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।