Latest News

जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत पीएचई विभाग की कार्यशाला आयोजित।

Neemuch headlines May 8, 2026, 7:01 pm Technology

मंदसौर । जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पी एच ई विभाग द्वारा जनपद पंचायत मंदसौर में कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान जनपद पंचायत की 124 ग्राम पंचायतों को फील्ड टेस्टिंग किट वितरित की गई। किट का वितरण जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा, सीईओ श्री धर्मेंद्र यादव एवं जिला सलाहकार मुकेश गुप्ता की उपस्थिति में किया गया। कार्यशाला में पंचायत सचिवों को जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण उषा तिवारी, पीएमयू संतोष जैन एवं अस्तित्व गोस्वामी द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम स्तर पर पेयजल की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। किट के माध्यम से PH मान, फ्लोराइड, क्लोराइड, अमोनिया, नाइट्रेट, हार्डनेस, टरबीडिटी, फ्री क्लोरीन, आयरन एवं एल्केलिनिटी सहित 10 प्रकार के परीक्षण किए जा सकते हैं। एक किट से लगभग 100 बार पानी की जांच संभव है। साथ ही एच-टू-एस वायल के माध्यम से बैक्टीरिया परीक्षण की जानकारी भी दी गई। कार्यशाला में जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने, जल संरक्षण एवं संवर्धन की विधियों को अपनाने, जल स्रोतों के नियमित क्लोरीनेशन तथा सुरक्षित पेयजल भंडारण की समझाइश दी गई। पंचायत सचिवों को दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए तथा जल प्रदाय योजनाओं में जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

साथ ही ग्रामों में समग्र स्वच्छता का वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

Related Post