नीमच । 6 उपयंत्रियों को कारण बताओ नोटिस जिला पंचायत नीमच के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव की अध्यक्षता में “जल गंगा संवर्धन अभियान” तहत पंचायतवार संचालित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, उपयंत्री, सचिव, रोजगार सहायक एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे। समीक्षा के प्रमुख बिंदु: बैठक में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित कार्यों जैसे तालाब गहरीकरण, पुराने जल स्रोतों का पुनर्जीवन, जल संरचनाओं की साफ-सफाई, वर्षा जल संचयन, स्टॉप डेम निर्माण, कुओं एवं बावड़ियों के संरक्षण तथा जल संरक्षण हेतु जनजागरूकता गतिविधियों की पंचायतवार समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ श्री वैष्णव ने निर्देश दिए , किसभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।जल गंगा संवर्धन अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए एवं ग्रामीण स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए। जिन पंचायतों में कार्यों की प्रगति धीमी है, वहां विशेष मॉनिटरिंग कर कार्यों में तेजी लाई जाए। सभी अधिकारी नियमित रूप से फील्ड भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण करें एवं प्रगति प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत करें। सभी ग्राम पंचायतों के सचिव एवं रोजगार सहायकों से एक-एक कार्य की समीक्षा की गई। सभी को अभियान के सभी कार्य पूर्ण कर 18 मई तक ऑनलाइन करने के निर्देश दिए गये है। अनुशासनात्मक कार्रवाई: बैठक में अनुपस्थित रहने वाले 7 ग्राम रोजगार सहायकों एवं ग्राम पंचायत उम्मेदपुरा के सचिव का 7 दिवस का वेतन काटने के लिए जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया। साथ ही अमृत सरोवर के कार्यों में एवं माह अप्रैल में जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों की पूर्णता हेतु निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति नहीं करने वाले 6 उपयंत्रियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वैष्णव ने कहा, कि जल स्रोतों का संरक्षण भविष्य की आवश्यकता है। वर्षा जल का अधिकतम संग्रहण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक पंचायत में प्रभावी एवं स्थायी कार्य किए जाएं। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाकर जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।