मंदसौर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे 100 दिवसीय आयुष्मान आरोग्य अभियान के तहत ग्राम पांगा स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन ग्राम पांगा के सरपंच द्वारा किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग एवं हाई रिस्क क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा टीबी जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना है। शिविर के दौरान टीबी जागरूकता अभियान के तहत उपस्थित ग्रामीणों को टीबी शपथ दिलाई गई तथा रोग के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि लगातार कई दिनों तक खांसी आना, भूख न लगना, वजन कम होना, रात में पसीना आना एवं लगातार बुखार रहना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ग्रामीणों को बताया गया कि टीबी से घबराने की आवश्यकता नहीं है। बलगम जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर 6 माह का नियमित उपचार मरीज को पूर्णतः स्वस्थ कर सकता है। साथ ही उपचाररत मरीजों को निक्षय योजना के अंतर्गत 1000 रुपये प्रतिमाह की पोषण सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है।
शिविर में नागरिकों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें टीबी स्क्रीनिंग हेतु एक्स-रे जांच के माध्यम से संदिग्ध एवं पूर्व में उपचाररत मरीजों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं बीएमआई की जांच भी की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं जागरूकता संदेश भी दिए गए।