मंदसौर। जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने 58 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न आवेदन एवं शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया गया। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले विशेष मामलों में अधिकारी उसी दिन त्वरित निराकरण करें। नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को न्याय दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक निर्देश जारी किए गए। ग्राम रणायरा निवासी बालाराम द्वारा स्वयं की भूमि पर कब्जा दिलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर तहसीलदार गरोठ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी तरह बोलिया निवासी विष्णु द्वारा शिकायत निराकरण के संबंध में आवेदन दिया गया, जिस पर सीईओ जनपद गरोठ को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। पानपूर निवासी गणेशराम द्वारा आयुष्मान कार्ड व बी.पी.एल. कार्ड बनवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर तहसीलदार सितामऊ को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में विद्युत कनेक्शन लगवाने, उज्वला योजना का लाभ दिलवाने, संबल योजना के अंतर्गत अनूग्रह राशी दिलवाने, बीपीएल राशन कार्ड बनवाने, आम रास्ता खुलवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।