नीमच। मनासा में शासन संधारित देवस्थान की शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्यवाही प्रशासन द्वारा की गई। कार्यवाही का विवरण: कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर के निर्देशानुसार सोमवार को मनासा क्षेत्र में स्थित मंदिर श्री बद्रीनारायण की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उपखण्ड मनासा सुश्री किरण आंजना एवं तहसीलदार मनासा श्री मुकेश निगम द्वारा की गई है। भूमि का मूल्य: तह.मनासा श्री मुकेश निगम ने बताया कि उक्त भूमि का कुल रकबा 0.770 हेक्टेयर है। जिसका बाजार मूल्य लगभग 82 करोड़ रुपये एवं गाइड लाइन अनुसार लगभग 22 करोड़ रुपये आंका गया है। संयुक्त दल द्वारा कार्रवाई: कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर पुलिस विभाग, नगर परिषद एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराया। कलेक्टर ने कहा, कि जिले में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।