संवेदनशील पहल: रिनोवेशन से परेशान छात्राओं को कलेक्टर ने दिलाया नया आशियाना

Neemuch headlines May 2, 2026, 5:32 pm Technology

नीमच । आनंद विहार स्थित अ.जा. बालिका छात्रावास क्रमांक-1 में की गई आवास व्यवस्था कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की संवेदनशील पहल से पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास की छात्राओं की आवास संबंधी समस्या का तत्काल समाधान हो गया है। समस्या का निराकरण:36 नंबर स्कीम में संचालित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास में मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य जारी होने के कारण छात्राओं को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर चंद्रा ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए। शनिवार को छात्राओं ने कलेक्टर से भेंट कर रिनोवेशन कार्य के कारण हो रही परेशानी बताते हुए अन्यत्र रहने की व्यवस्था करने की मांग की थी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला संयोजक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नई व्यवस्था: कलेक्टर के निर्देशानुसार पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास की सभी बालिकाओं के लिए आनंद विहार के पास संचालित अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास क्रमांक-1 में आवासीय व्यवस्था की गई है। जिला संयोजक, आदिम जाति कल्याण ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में छात्राओं को तत्काल प्रभाव से नए छात्रावास में शिफ्ट कर समुचित सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। अब छात्राएं सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में रहकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। कलेक्टर चंद्रा ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रिनोवेशन कार्य पूर्ण होने तक छात्राएं नए छात्रावास में रहेंगी।

Related Post