जमीनी विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई को चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट।

Neemuch headlines April 30, 2026, 4:24 pm Technology

चीताखेड़ा । जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत पावड़ा खुर्द गांव में जमीन और पारिवारिक विवाद को लेकर भाई बना भाई का जानी दुश्मन। भाई ने भाई के रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जमीन के विवाद में एक सगे भाई ने अपने पुत्र के साथ मिलकर अपने ही भाई की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी और दहशत फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भेरूलाल मीणा उम्र (28) पिता कचरूलाल मीणा के रूप में हुई है। बुधवार रात करीब 10.30 बजे घर पर ही जमीन के बंटवारे को लेकर भेरूलाल और उसके भाई नारूलाल के बीच विवाद हो गया। विवाद गाली-गलौज और झुमा झटकी होते-होते इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में आकर नारूलाल ने अपने पुत्र सूरजमल के साथ मिलकर छोटे भाई भेरुलाल को चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इलाज हेतु नीमच जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर तनाव चल रहा था, जिसमें अधिक हिस्सेदारी को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। तभी से बड़ा भाई छोटे भाई के खून का प्यासा हो गया था। विवाद में घटना के दौरान आरोपी नारूलाल भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र चीताखेड़ा चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिसौदिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को राउंडअप कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103 बीएन एस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इधर मृतक भेरूलाल अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया। इस हृदय विदारक घटना के बाद परिवार में मातम छा हुआ है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने मृतक भेरूलाल मीणा का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया।

Related Post