मंदसौर । जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा आज सुशासन भवन सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन द्वारा कुल 58 आवेदकों की समस्याएँ सुनी। कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का शीघ्र और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके। जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। असावती निवासी भेरूलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर सीईओ जनवद गरोठ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार दलौदा निवासी राजाराम ने भूमि से पोल हटवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार दलौदा को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सेमलिया रानी निवासी शांतिबाई ने रास्ता खुलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार सितामऊ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार बांसाखेड़ी निवासी प्रतापसिंह ने खसरे में सही डाटा इन्द्राज करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर एसडीएम मंदसौर ग्रामीण को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में कब्जा हटवाने, नामांतरण करवाने, राहत राशी दिलवाने, बीपीएल राशन कार्ड बनवाने, रास्ता खुलवाने, मुख्यमंत्री किसान कल्याण की सहायता राशी दिलवाने एवं किसान सम्मान निधी के तहत अनुदान राशी दिलवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।