मंदसौर जिला स्वास्थ्य समिति मंदसौर एवं मलेरिया विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 'विश्व मलेरिया दिवस' के अवसर पर शहर में जन जागरूकता रैली निकाली गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिक को मलेरिया एवं अन्य मच्छर जनित बीमारियों के प्रति सचेत करना और बचाव के तरीकों से अवगत कराना था। रैली का विधिवत शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ जी.एस. चौहान द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह रैली इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। रैली के दौरान छात्राओं और कर्मचारियों द्वारा मलेरिया से बचाव संबंधी प्रभावशाली नारे लगाए गए। साथ ही, हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर आम जन को मच्छर जनित रोगों के लक्षण, उपचार और रोकथाम की जानकारी प्रदर्शित की गई। रैली के आयोजन से पूर्व CMHO डॉ. जी.एस. चौहान ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विश्व मलेरिया दिवस के महत्व और इसके वैश्विक उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। रैली का समापन जिला प्रशिक्षण केंद्र परिसर मंदसौर में हुआ।