Latest News

इनरव्हील क्लब द्वारा निःशुल्क नेत्र शिविर में सैकड़ों मरीजों की जांच, चिन्हित मरीजों के किये जायेंगे निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन।

Neemuch headlines April 22, 2026, 4:46 pm Technology

नीमच । इनरव्हील क्लब और गोमाबाई नेत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जिला अंधत्व निवारण समिति के सहयोग एवं प्रशासनिक अनुमति से विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। गोमाबाई नेत्रालय में आयोजित शिविर में शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की आंखों की गहन जांच कर नजर, मोतियाबिंद, काला मोतिया (ग्लूकोमा), नासूर एवं रेटिना संबंधी बीमारियों का निःशुल्क परीक्षण किया। जांच में मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित मरीजों के ऑपरेशन लेंस प्रत्यारोपण सहित आगामी निर्धारित तिथियों पर गोमाबाई नेत्रालय में पूर्णतः निःशुल्क किए जाएंगे। शिविर में ज़रूरतमंद मरीजों को दवाइयों एवं निःशुल्क चश्मों का भी वितरण किया गया। शिविर संयोजक मुकेश मेहता ने बताया कि अन्य जटिल नेत्र रोगों से ग्रसित मरीजों को उपचार हेतु मार्गदर्शन दिया गया तथा आवश्यक ऑपरेशनों पर विशेष छूट भी प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ इनरव्हील क्लब सदस्यों और शिविर आयोजक मुकेश मेहता द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। सचिव प्रेरणा शर्मा ने इनरव्हील प्रार्थना का वाचन किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अलका चड्डा, आईएसओ सिम्मी सलूजा, पूर्व अध्यक्ष हेमांगिनी त्रिवेदी, उषा खंडेलवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहीं। आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष अलका चड्डा ने किया।

शिविर के सफल आयोजन में गोमाबाई नेत्रालय के चिकित्सकों एवं स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Related Post